भारतीय क्रिकेट टीम के ये "सरकार" अब कुछ
बदले-बदले से नज़र आते हैं। हो भी क्यों नहीं क्यों कि बीते दो साल में इन्होंने
त्याग, तपस्या, समर्पण के साथ जो मेहनत की है, वो काबिलेतारीफ़ है। इसका असर अब
साफ-साफ दिखने लगा है। हम बात कर रहे हैं DK
यानी टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक की, जिन्होंने श्रीलंका में
खेले गये निधास ट्रॉफी से ऐसा गियर चेंज किया कि मौजूदा दौर में भी हॉटकेक बने हुए
हैं। निधास ट्रॉफी में खेली गयी उनकी पारी ने हर क्रिकेट प्रेमी को दीवाना बना
दिया।
पिछले दो साल में दिनेश कार्तिक ने अपनी
फिटनेस के साथ-साथ बैटिंग स्किल पर जो मेहनत की है, उसका असर अब दिखने लगा है।
डीके का आत्मविश्वास अब सातवें आसमान पर है। अब वे पूरी तरह से परिपक्व नज़र आते
हैं। गौरतलब है कि श्रीलंका में खेली गयी निधास ट्रॉफी में दिनेश कार्तिक ने बग़ैर
आउट हुए टीम इंडिया को चैंपियन बनाया था।
DK के
ट्रांसफॉर्मेशन के पीछे यार का हाथ
दिनेश कार्तिक में इतनी बड़ी तब्दीली के
पीछे शायद आपको पता नहीं होगा कि आखिर किसका हाथ है?
DK की ट्रांसफॉर्मेशन के पीछे उनके जिगरी दोस्त और मुंबई के पूर्व
ऑलराउंडर अभिषेक नायर का ख़ास योगदान है। अभिषेक नायर टीम इंडिया के लिए तीन वन-डे
मैच भी खेल चुके हैं।
साल 2016 के आईपीएल के पहले दिनेश
कार्तिक ने बैटिंग और फिटनेस में पैनापन लाने के लिए अभिषेक नायर की मदद ली थी। उस
वक्त उनका कांफिडेंस बिल्कुल ज़मीन पर था लेकिन अभिषेक नायर ने खुले दिल से दिनेश
कार्तिक की भरपूर मदद की। डीके के लिए टफ शिड्यूल तैयार किया।
अभिषेक नायर ने कार्तिक को कंफर्ट जोन से
बाहर निकालने के लिए दर्द भरा ट्रेनिंग शिड्यूल तैयार किया। हाई-फाई माहौल में
रहने के आदी दिनेश कार्तिक के लिए ये किसी टॉर्चर से कम नहीं था। इसी ट्रेनिंग
रूपी भट्ठी में तपकर दिनेश कार्तिक सोने की भांति अब निखर रहे हैं।
साल 2016 से पहले अपनी ख़राब फॉर्म से
जूझते दिनेश कार्तिक ने मुंबई में सर्वप्रथम सचिन तेंदुलकर के बचपन के साथी और
रामाकांत आचरेकर के शिष्य प्रवीण आमरे के पास निजी कोचिंग के लिए गये, जहां दोस्त
अभिषेक नायर से मुलाक़ात हुई और फिर यहीं से सुधार का सिलसिला शुरू हुआ।
कार्तिक के लिए तैयार हुआ
टफ शिड्यूल
अभिषेक नायर ने दिनेश कार्तिक को ख़राब
फ़ॉर्म से बाहर निकालने और मेंटली टफ बनाने के लिए शिड्यूल तैयार किया। इसके तहत उन्होंने
कई काम किए। मसलन..
- डीके के लिए रोज़ाना का कार्यक्रम तैयार किया गया।
- स्थानीय कोच अपूर्व देसाई को शिड्यूल से जोड़ा गया।
- पूर्व जूनियर कप्तान अमित पगनिस को भी शामिल किया गया।
- अमित पगनिस ने दिनेश कार्तिक के स्लॉग स्वीप पर जोरदार तरीके से काम किया। विदित हो कि अमित पगनिस ये शॉट खेलने में माहिर माने जाते हैं।
- ट्रेनिंग के दौरान मेडिटेशन, जिम और बैटिंग विजुअलाइजेशन तकनीक शामिल की गयी।
- दिनभर में दो बार बैटिंग सेशन रखा गया।
- अभिषेक नायर ने दिनेश कार्तिक के लिए कई और विशेषज्ञों की भी मदद ली।
- दिनेश कार्तिक के मुताबिक अभिषेक नायर उन्हें स्विमिंग पूल में 40 लैप लगाने के लिए कहते थे. हालांकि वे 5-6 लैप में ही थक जाते थे लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने 40 लैप का लक्ष्य पूरा किया।
- डीके के मुताबिक स्विमिंग पूल के बाहर अभिषेक नायर चुपचाप बैठकर एकटक उन्हें निहारते रहते थे और थक जाने पर और हौसला बढ़ाते हुए जोर लगाने को कहते।
- कार्तिक की माने तो एकदिन वे अभिषेक नायर के छोटे से कमरे में लेटकर टीवी देख रहे थे, तभी अभिषेक नायर की एंट्री हुई और उन्होंने तपाक से उन्हें बर्पी, पुलअप्स और पुशअप्स मारने का निर्देश दिया, जिसके बाद डीके भी हैरान हो गये कि ये कौन सा तरीका और टाइमिंग है एक्सरसाइज करने का लेकिन बाद में डीके को महसूस हुआ कि अभिषेक उन्हें कंफर्ट जोन से बाहर निकालने और आत्मविश्वास भरने के लिए ये सब कर रहे हैं।
- इस विकेटकीपर-बल्लेबाज की माने तो छोटे से कमरे में साफ-सफाई से लेकर घर के सारे काम उन्हें खुद करने पड़ते थे. वो किसी "टॉर्चर रूम" से कम नहीं था. आलीशान बंगले में रहने के आदी "डीके" बाथरूम में टूटी बाल्टी से नहाते थे।
दर्दनाक ट्रेनिंग का दिखने
लगा असर
- महीनों अभिषेक नायर की निगरानी में की गयी दर्दनाक ट्रेनिंग का असर अब दिखने लगा था। दिनेश कार्तिक ने आगामी घरेलू सीजन में 14 पारियों में 50 से अधिक की औसत से 704 ठोक डाले।
- 9 घरेलू वन-डे मैचों में 118 की औसत से 607 रन बनाए।
- साल 2017 का IPL ख़त्म होते-होते दिनेश कार्तिक फ़ॉर्म में लौट चुके थे।
- फॉर्म में लौटने के बाद DK ने एकबार फिर अभिषेक नायर की मदद ली और फिर नया शिड्यूल तैयार करवाया। इस बार ट्रेनिंग मुंबई में न होकर बेंगलुरु और चेन्नई में हुई।
- ग़ौरतलब है कि दिनेश कार्तिक की भरपूर मदद करने के बदले अभिषेक नायर ने एक भी पैसा नहीं लिया।
- मुंबई में कड़ी ट्रेनिंग के दौरान दिनेश कार्तिक अपने कोच और यार अभिषेक नायर के छोटे से घर पर ही रूके। यहां डीके को घर के सारे काम ख़ुद ही करने होते थे।
- निधास ट्रॉफी में टीम इंडिया के कप्तान रहे रोहित शर्मा को भी ख़राब फ़ॉर्म से बाहर निकालने में अभिषेक नायर का बहुत बड़ा योगदान रहा है। टीम से बाहर रहने के दौरान उन्होंने भी नायर की सेवाएं ली थी।
फिलहाल
अभिषेक नायर द्वारा दी गयी कड़ी ट्रेनिंग की झलक अब दिखने लगी है। अब प्रशंसकों के
साथ-साथ क्रिकेट समीक्षक भी उनकी तब्दीली को लेकर जोर-शोर से चर्चाएं करने लगे
हैं। निधास ट्रॉफी के फ़ाइनल मुक़ाबले में 8 गेंदों पर खेली गयी 29 रनों की
ताबड़तोड़ पारी ने आलोचकों को भी हतप्रभ कर दिया है।





Wow.....kya baat hai.....friend ho to aisa...
ReplyDeleteVery well described too