Follow on Google+

...जब माही ने कुलदीप यादव को मैदान पर लगायी लताड़, चाइनामैन बॉलर रह गया हक्का-बक्का




टीम इंडिया के मिस्ट्री और चाइनामैन बॉलर कुलदीप यादव ने वर्ल्ड क्रिकेट पर अपनी धाक जमा दी है. कानपुर के इस लाल ने अपनी फिरकी की जाल में क्रिकेट वर्ल्ड के दिग्गजों को फंसाकर तहलका मचा रखा है. इंग्लैंड दौरे पर कुलदीप ने अबतक 18 ओवर की गेंदबाजी में कुल 11 विकेट झटक लिये हैं. वे अंग्रेजों के लिए इनदिनों काल बनकर छाये हुए हैं.

कलाई के जादूगर को है फ्लाइट पर भरोसा
क्रिकेट समीक्षकों की माने तो कलाई के इस जादूगर की खासियत है कि वे बॉल को फ्लाइट करने से कभी नहीं हिचकिचाते. वे अपनी ट्रैजिक्ट्री से बल्लेबाजों को बुरी तरह से चकमा दे जाते हैं. चाहे टेस्ट मैच हो या फिर क्रिकेट का छोटा प्रारूप, वे बल्लेबाजों की आइलाइन के ऊपर गेंदबाजी में भरोसा रखते हैं और गेंद को मिलने वाली ड्रिफ्थ से चारों खाने चित्त कर देते हैं. वे बैट्समैन को हरवक्त ड्राइव और पुश करने के लिए उकसाते हैं. बकौल कुलदीप यादव वे गेंद की फ्लाइट से कभी समझौता नहीं करते.



मायने रखती है माही की हिदायत
कानपुर के इस मिस्ट्री बॉलर के मुताबिक हाल-फिलहाल में मिल रही इस अपार सफलता के पीछे टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धौनी का भी हाथ है. कुलदीप के मुताबिक 50 फीसदी काम तो माही भाई कर देते हैं. जबतक वे गेंदबाजी के लिए आते हैं, तबतक धौनी विकेट को अच्छी तरह से रीड कर लेते हैं और साथ ही बल्लेबाजों की मानसिकता को भी समझ चुके होते हैं, ऐसे में उनके सुझाव काफी मायने रखते हैं. वे हिदायत देने के साथ-साथ गेंदबाजों के लिए फिल्डिंग भी सेट कर देते हैं.


इंदौर में रांची के राजकुमार का अहम सुझाव
मिस्ट्री बॉलर कुलदीप यादव ने इंदौर में श्रीलंका के ख़िलाफ़ खेले गये मुक़ाबले का जिक्र करते हुए कहा कि होल्कर स्टेडियम में लंकन शेर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे थे. ग्राउंड छोटा होने की वजह से बल्ले पर आने वाली हर गेंद बाउंड्री के पार पहुंच रही थी. ऐसे में गेंदबाजों की खटिया खड़ी हो गयी थी लेकिन कुलदीप और युजवेन्द्र चहल के आने के बाद महेन्द्र सिंह धौनी ने उन्हें सुझाव दिया कि बल्लेबाजों की पहुंच से जितना संभव हो सके गेंद को दूर रखें.

ऐसे में चहल और कुलदीप ने विकेट से गेंद को दूर फेंकना शुरू किया लेकिन माही इतने से संतुष्ट नहीं हुए. वे बार-बार कहते रहे - "थोड़ा और दूर, थोड़ा और दूर". इस दौरान बल्लेबाजों की रेंज में आने वाली हर गेंद सीमारेखा के पार पहुंच रही थी.


..जब माही ने मिस्ट्री बॉलर को लगायी लताड़
विरोधियों की इस तूफ़ानी बल्लेबाजी के बीच जब कुलदीप यादव अपने स्पेल का तीसरा ओवर फेंकने पहुंचे तो बल्लेबाज ने रिवर्स स्विप मार चौका लगा दिया. फिर महेन्द्र सिंह धौनी ने कलाई के जादूगर के पास जाकर हिदायत दी कि वे कवर के फिल्डर को हटाकर डीप में रखें और एक फिल्डर प्वाइंट पर रख लें लेकिन चाइनामैन बॉलर ने हामी नहीं भरी. फिर क्या था माही ने कुलदीप यादव को लताड़ते हुए कहा कि "पागल हूं मैं, जो 300 वन-डे खेल चुका हूं".

धौनी के इस गुस्से को देख कुलदीप यादव की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गयी और फौरन क्षेत्ररक्षण में तब्दीली कर दी. माही के इस सुझाव के बाद कुलदीप ने धड़ाधड़ 4 विकेट चटकाये. वहीं दूसरी तरफ से युजवेन्द्र चहल ने भी 4 विकेट लेकर विपक्षी टीम के होश फाख्ता कर दिये. 


इस तरह दोनों गेंदबाजों ने माही के सुझाव पर अमल करते हुए टीम इंडिया के हाथ से फिसल रहे मैच को अपनी मुट्ठी में कर लिया और अगले दो ओवर में 8 विकेट झटक कर विरोधियों का काम तमाम कर दिया.  

फिलहाल इंग्लैंड टूर पर भी कुलदीप यादव छाये हुए हैं. अंग्रेज बल्लेबाज उनकी फिरकी को पढ़ने में पूरी तरह से नाकाम हो रहे हैं. ऐसा प्रतीत होता है जैसे उन्हें सांप सूंघ गया हो. गेंद अंदर आएगी या फिर बाहर जाएगी, उन्हें कुछ भी पल्ले नहीं पड़ रहा. जो रूट जैसा दिग्गज भी चाइनामैन बॉलर के सामने घुटने टेकने को मजबूर हो गया है. 
SHARE
  • Image
  • Image
  • Image
  • Image
  • Image
    loading...
    loading...
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment

loading...