Follow on Google+

इस धुरंधर से विराट सेना को रहना होगा चौकन्ना, कोहली ब्रिगेड की नाक में दम करने को है बेताब




सीमित ओवर क्रिकेट में टीम इंडिया के ख़िलाफ़ तहलका मचाने वाले इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल रशीद एकबार फिर टेस्ट क्रिकेट में क़हर बरपाने को तैयार हैं. वन-डे सीरीज में आदिल रशीद के धमाकेदार प्रदर्शन के बाद इंग्लैंड के चयनकर्ताओं की बांछें खिल गयी हैं. गेंदबाजी कोच सकलैन मुश्ताक का शागिर्द ये लेग स्पिनर अब मैचविनर नज़र आने लगा है लिहाजा सेलेक्टर्स ने एकबार फिर साथी खिलाड़ियों के बीच दिली के नाम से मशहूर आदिल रशीद पर भरोसा जताया है और प्रथम टेस्ट मैच के लिए तैयार रहने को कहा है. 


दिली की प्लेइंग इलेवन में जगह पक्की

विदित है कि इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के इस लेग स्पिनर ने टेस्ट क्रिकेट से दूरी बनाकर सिर्फ और सिर्फ छोटे प्रारूप पर फोकस करने की बात कही थी लेकिन वन-डे क्रिकेट में इंग्लैंड की 2-1 से धमाकेदार जीत में अहम भूमिका निभाने के बाद आदिल रशीद के प्रति अब सभी के नजरिये में तब्दीली आ गयी है. सूत्रों के मुताबिक पहले टेस्ट मैच के प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह पक्की है.

गौरतलब है कि इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल रशीद ने अपना आखिरी टेस्ट मैच में इंडिया के ख़िलाफ़ साल 2016 में खेला था, जिसके बाद ख़राब प्रदर्शन की वजह से टीम से बाहर हो गये थे. उन्हें दक्षिण अफ्रीका और वेस्ट इंडीज के ख़िलाफ़ खेली गयी घरेलू टेस्ट सीरीज से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था और कंगारुओं के ख़िलाफ़ महत्वपूर्ण एशेज सीरीज में भी टीम में स्थान नहीं बना पाये थे लेकिन टीम इंडिया के ख़िलाफ़ वन-डे सीरीज में आदिल रशीद ने कुछ ऐसा कर डाला कि इंग्लैंड के चयनकर्ताओं पर उन्हें टीम का हिस्सा बनाने का अधिक दबाव बढ़ गया.


मौजूदा फॉर्म देख सेलेक्टर्स हतप्रभ

पिछली वन-डे सीरीज में लेग स्पिनर आदिल रशीद ने टीम इंडिया को नाकों चने चबा दिए. उन्होंने धुरंधर विराट कोहली को अपनी बेहतरीन लेग स्पिन पर चकमा देते हुए क्लीन बोल्ड किया था. कोहली जबरदस्त फॉर्म में थे लेकिन रशीद की फिरकी के सामने वे भी हक्का-बक्का रह गये. यहीं नहीं इस लेग स्पिनर ने इस सीरीज में सुरेश रैना को सस्ते में दो बार पवेलियन का रास्ता भी दिखाया. 

कोच ने भी की दिली की वक़ालत

लेग स्पिनर की गेंदबाजी से हतप्रभ इंग्लैंड के कोच ट्रेवर बेलिस ने भी दिली की तारीफ़ में कसीदे पढ़े हैं और कहा है कि साल 2018 में मैंने उन्हें बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए देखा है, उनमें गज़ब की निरंतरता आ गयी है. जब से मैं टीम के साथ हूं, तब से मैंने उन्हें इस साल सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए देखा है. 

हालांकि बेलिस ने ये भी कहा है कि यह पूरी तरह से आदिल रशीद पर निर्भर करता है कि वे टेस्ट मैच में गेंदबाजी करना चाहते हैं या नहीं लेकिन ख़बरों की माने तो चयनकर्ताओं ने उनसे बात की है और पहले टेस्ट के लिए तैयार रहने को कहा है.


कंडीशन होगा मददगार

ग़ौरतलब है कि इंग्लैंड के इस धुरंधर लेग स्पिनर ने इन गर्मियों में इंग्लैंड के लिए 9 मैचों में 23.95 की औसत से कुल 20 विकेट चटकाये हैं. टीम इंडिया के ख़िलाफ़ वन-डे सीरीज में आदिल रशीद ने 30 ओवर्स में 4.96 की इकॉनमी से कुल 6 विकेट लिये हैं लेकिन जिसतरीके से उन्होंने कोहली और सुरेश रैना के डंडे उखाड़े हैं, उससे इंग्लैंड के सेलेक्टर्स काफी खुश है लिहाजा उन्हें टेस्ट मैच में भी जगह देनी की बात जोर-शोर से की जा रही है. 

टीम इंडिया के ख़िलाफ़ आदिल रशीद के चुने जाने का एक बड़ा कारण ये भी है कि इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टीम इंडिया के पिछले दौरे में ऑफ स्पिनर मोइन अली ने भी भारतीय बल्लेबाजों को काफी छकाया था और डंडे उखाड़े थे लिहाजा इस वक्त इंग्लैंड में पड़ रही गर्मियों में विकेट पूरी तरह से सूख जाते हैं. इस कंडीशन में स्पिनर्स को मदद मिलनी लाजिमी है.


रिकॉर्डबुक में दिली

टेस्ट: 10 मैच खेले, 42.78 की औसत से कुल 38 विकेट झटके, 5/64 सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
वन-डे: 73 मैच में 30.80 की औसत से कुल 113 विकेट झटके, 5/27 सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
टी-20: 32 मैच में 28.82 की औसत से कुल 28 विकेट लिये, 3/25 सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

SHARE
  • Image
  • Image
  • Image
  • Image
  • Image
    Blogger Comment
    Facebook Comment

6 comments:

  1. Is baar team india ne england me kafi waqt gujar liya hai... Isliye mahool se rubaroo ho chuki hai team... Lihaja team india kada muqabala degi

    ReplyDelete
    Replies
    1. बिल्कुल उम्मीद तो ऐसी ही है.

      Delete

loading...