Follow on Google+

यारों का यार है ये स्टार क्रिकेटर, मुश्किल वक्त में करता है मदद, तांगेवाले से है ख़ास याराना





लंबी कद काठी, मस्तमौला अंदाज और लहराती जुल्फों के साथ तेज़ गेंदबाजी करने वाले पाकिस्तान के शोएब अख्तर के शुरुआती दिन मुफलिसी और गुरबत में गुजरे। चार भाइयों में सबसे छोटे शोएब अख्तर के पिता मो. अख्तर एक पेट्रोल पंप पर नाइट वाचमैन की नौकरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। जब सारी दुनिया चैन की नींद सोती, तब वे रात के अंधेरे में मुस्तैदी के साथ पहरा देते।
   
रावलपिंडी के मोरगाह में एक कमरे के कच्चे मकान में परिवार के साथ जिंदगी गुजारने वाले शोएब अख्तर मुश्किल दिनों के साथियों को नहीं भूलते। वे आज भी पूरी शिद्दत से बुरे दिनों में साथ देने वाले यार-दोस्तों को तवज्जो देते हैं।

दुनिया के सबसे खौफ़नाक तेज़ गेंदबाज में शुमार होने वाले शोएब अख्तर का लाहौर के तांगेवाले अजीज ख़ान से भी ख़ास रिश्ता रहा है। शोएब अख्तर के क्रिकेट करियर के शुरुआती दौर में अजीज ख़ान ने काफी मदद की थी, जिसे ये स्पीडस्टर ताउम्र नहीं भूलता।


आर्थिक तंगी से परेशान था परिवार

शोएब के मुताबिक पूरा परिवार आर्थिक तंगहाली से गुजर रहा था लिहाजा वे नौकरी की तलाश में थे ताकि परिवार की माली हालत सुधर सके। तभी एक दिन बचपन का दोस्त एजाज अरशद आया और शोएब को पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरवेज (PIA) द्वारा लाहौर में आयोजित कराए जा रहे क्रिकेट ट्रायल के बारे बताया। फिर क्या था। दोनों ट्रायल के लिए लाहौर निकल पड़े।

काफी जद्दोजहद के बाद दोनों लाहौर रेलवे स्टेशन पहुंचे, तब तक रात हो चुकी थी और अगले दिन ट्रायल थी लिहाजा दोनों रात गुजारने के लिए कमरे की तलाश में थे लेकिन फिर पैसे की समस्या आन खड़ी हुई।

दोनों के पास मिला-जुलाकर कुल 25 रुपये थे। ऐसे में कोई रूम नहीं मिल सकता। अगर मिल जाता तो फिर खाने की समस्या खड़ी हो जाती।


तांगेवाले से है ख़ास रिश्ता
  
लाहौर में रात गुजारने की चिंता करते हुए शोएब अख्तर की नज़र एक तांगेवाले पर पड़ी, जिसका तांगा नया और सजा-धजा था। शोएब ने तांगेवाले से मुखातिब होते हुए सलाम कहा। तांगावाले ने अचरज भरी निगाहों से पूछा – तू है कौन और क्या चाहिए?
 
शोएब ने जवाब दिया – मैं क्रिकेटर हूं और रावलपिंडी का रहवासी हूं। फिर तांगेवाले ने तुरंत सवाल दाग़ा कि क्या तुम पाकिस्तान से खेलते हो? इस सवाल के सुनते ही शोएब ने आत्मविश्वास से कहा कि अल्लाह के करम से ये दिन जल्द ही देखने को मिलेगा लेकिन फिलहाल मैं आपके सामने खड़ा हूं। मैं जिस दिन पाकिस्तान टीम में सेलेक्ट हो जाऊंगा, मैं आपके पास मिलने जरूर आऊंगा। 

इस तरह दोनों के बीच डील पक्की हुई और अजीज ख़ान ने अपना बिस्तर शोएब और एजाज को सोने के लिए फुटपाथ पर लगा दिया और फिर अगली सुबह स्टेडियम भी छोड़ा। इसके बाद शोएब अख्तर ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक नयी उड़ान भरी।


छह साल बाद तांगेवाले से फिर मुलाक़ात

साल 1999 में एशियाई टेस्ट चैंपियनशिप में टीम इंडिया के ख़िलाफ़ कोलकाता टेस्ट में तहलका मचाने के बाद शोएब अख्तर वर्ल्ड फेमस हो गये। इस टेस्ट मैच की दो लगातार गेंदों पर राहुल द्रविड़ और सचिन तेंदुलकर का विकेट चटकाने के बाद शोएब क्रिकेट प्रशंसकों की आंखों का तारा बन गये थे।

एशियाई टेस्ट चैंपियनशिप जीतने के बाद पाकिस्तान में शोएब का गर्मजोशी से स्वागत हुआ। अब वे सेलिब्रिटी बन गये थे। ऐसे में एक रोज वे चोरी-छिपे लाहौर पहुंचे और फिर तांगेवाले अजीज ख़ान को खोज निकाला और कहा कि मैंने आने का वादा किया था और आज मैं आपके सामने खड़ा हूं।


शोएब के आने की ख़बर मिलते ही वहां प्रशंसकों की भीड़ इकट्ठा हो गयी लेकिन रावलपिंडी एक्सप्रेस ने अजीज ख़ान से मुखातिब होते हुए कहा कि आपने बुरे दिनों में मेरा साथ दिया है। मुझे रात गुजारने के लिए छत दी लिहाजा मैं सिर्फ आपको पहचानता हूं। इसतरह दोनों ने कुछ वक्त साथ गुजारे।

तांगावाले से विदा होते वक्त शोएब अख्तर ने अजीज ख़ान की जेब में कुछ रुपये भी रखने की कोशिश की लेकिन खुदगर्ज तांगेवाले ने लेने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि छह साल पहले भी मैंने तुझे खाना खिलाया और आज मैं फिर एक बार तुझे खाना खिलाऊंगा। उस दिन भी तू मेरे लिए शोएब था और आज भी। मैं चाहता हूं कि ताउम्र तू मेरे लिए शोएब ही रहे। 


इस तरह दोनों के बीच आगे भी मुलाक़ातों का दौर जारी रहा। दोनों एक-दूसरे के संपर्क में बने रहे लेकिन कुछ सालों बाद तांगेवाले अजीज ख़ान का इंतकाल हो गया। हालांकि आज भी शोएब अख्तर उनके परिवार की देखभाल करते हैं।        


SHARE
  • Image
  • Image
  • Image
  • Image
  • Image
    Blogger Comment
    Facebook Comment

4 comments:

  1. Never heard of this story earlier, good one.

    ReplyDelete
  2. First time reading this story. Very nice . Keep it up. Thanks...

    ReplyDelete
  3. First time reading this story. Very nice . Keep it up. Thanks...

    ReplyDelete

loading...