अंग्रेजों के ख़िलाफ़ लार्ड्स में मिली पारी और 159 रनों की क़रारी हार ने हर भारतीय प्रशंसक के चेहरे से मुस्कान छीन ली। दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया का घटिया प्रदर्शन देख हर फैंस ये सोचने पर मजबूर हो गया है कि आखिरकार क्या वजह है सीम-स्विंग और उछाल लेती पिचों पर भारतीय बल्लेबाजों को सांप सूंघ जाता है? पिच पर हरियाली और कंडीशन को देख सूरमाओं के हाथ-पांव फूलने लगते हैं, शारीरिक भाषा बदल जाती है। हो सकता है कि विदेशी जमीन पर मिल रही निरंतर हार से खिलाड़ियों को कोई ख़ासा फर्क नहीं पड़ता होगा क्योंकि वे इसके आदी हो चुके हैं लेकिन क्रिकेट प्रशंसकों के दिल पर क्या गुजरती है, वो समझा जा सकता है।
क्लब स्तर
से भी बदतर खेली टीम इंडिया
एजबेस्टन
टेस्ट में मिली 31 रनों की हार ने भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के दिल पर वैसी चोट
नहीं दी, जैसी लार्ड्स में पारी और 159 रनों की पराजय ने दी है। लार्ड्स टेस्ट मैच
में किसी वक्त ऐसा नहीं लगा कि भारतीय टीम अव्वल दर्जे की टीम है और अंग्रेजों पर
भारी पड़ रही है। दुनिया में चहुंओर सशक्त भारतीय बैटिंग लाइनअप की मिसाल दी जाती
है लेकिन विदेशी सरजमीं पर उतरते ही ये फुस्स हो जाते हैं।
लार्ड्स में भी कुछ ऐसा
ही नज़ारा दिखा, जब दोनों पारियों में भारतीय टीम 125 रनों का आंकड़ा पार करने के
लिए भी जद्दोजहद कर रही थी। पहली पारी में जिमी एंडरसन की स्विंग और सीम होती गेंदों
पर भारतीय बल्लेबाज थर-थरा रहे थे और आड़े-तिरछे बल्ले लगाकर विकेट दान में दे रहे
थे। पहली पारी में कोहली की टोली ने कुल 107 रन बनाये तो दूसरी पारी में काफी
संघर्ष के बाद 130 रनों का आंकड़ा छू पाये। लार्ड्स जैसे ऐतिहासिक मैदान पर टीम
इंडिया एक क्लब स्तर की टीम की तरह खेलती दिखी।
बल्लेबाजों ने किया बेड़ा गर्क
इस प्रदर्शन को
देखने के बाद कौन खुश और संतुष्ट हो सकता है। जिस बैटिंग लाइनअप की पूरी दुनिया
में मिसाल दी जाती है, उन खिलाड़ियों से दहाई का आंकड़ा भी पार करना दुर्लभ हो जाता
है। दोनों पारियों में आर. अश्विन जैसा गेंदबाज बैटिंग करते हुए सर्वाधिक रनों का
योगदान देता है और दिग्गज बल्लेबाज ढेर हो जाते हैं। दोनों टेस्ट मैचों में
बल्लेबाजी पर गौर करें तो ये स्पष्ट हो जाता है कि ये चुभने वाली हार सिर्फ और
सिर्फ बल्लेबाजों की ग़लती की वजह से मिली है।
एजबेस्टन टेस्ट मैच
में ही कप्तान विराट कोहली को छोड़ कोई भी बल्लेबाज पिच पर टिकने की जहमत उठाता नहीं
दिखा। बर्मिंघम में एकतरफा कोहली ही टीम इंडिया के खेवैया बने हुए थे। इससे बदतर लार्ड्स
में दिखा, जब कोहली के फ्लॉप होने के बाद कोई खेवैया टीम की नैया को पार लगाता
नहीं दिखा। दोनों टेस्ट मैच में टीम इंडिया की टॉप और मीडिल ऑर्डर बल्लेबाजी पूरी
तरह फ्लॉप दिखी।
क़रारी
हार के लिए कप्तान-कोच जिम्मेदार!
कंडीशन की बात करें
तो दोनों टीमों के लिए वहीं मौसम और मिजाज था लेकिन फिर भी लार्ड्स टेस्ट में
हमारे गेंदबाज शुरुआती ब्रेक दिलाने के बाद एंडरसन और ब्रॉड की तरह सफल होते नहीं
दिखे। मेजबान टीम ने मौसम और हालात का भरपूर फ़ायदा उठाया और मेहमानों की जमकर
खातिरदारी की। इस क़रारी हार के लिए खिलाड़ियों के साथ-साथ कोच और टीम मैनेजमेंट
भी जिम्मेदार है क्योंकि कहा जाता है कि इंग्लैंड में पलभर में ही मौसम बदल जाता
है। कभी धूप तो कभी बारिश अपना रंग दिखाते रहती है लिहाजा पहले दिन जमकर बारिश
होने के बावजूद भी टीम इंडिया ने एक सीमर की जगह एक एक्स्ट्रा स्पिनर को शामिल कर
इंग्लैंड की आसान जीत के लिए मार्ग प्रशस्त कर दिया।
वोक्स-बेयरस्टो के आगे गेंदबाज हुए नतमस्तक
पहली पारी में
इंग्लैंड के शीर्ष बल्लेबाजी क्रम को धाराशायी करने के बाद भी भारतीय गेंदबाज मौके
का फ़ायदा नहीं उठा सके। मीडिल ऑर्डर में क्रिस वोक्स और जॉनी बेयरस्टो ने शानदार
189 रनों की साझेदारी कर टीम इंडिया की गेंदबाजी की बखिया उधेड़ दी। क्रिस वोक्स
ने शानदार शतक मारा, वहीं बेयरस्टो नर्वस नाइनटीज के शिकार हुए। इस उम्दा साझेदारी
के पीछे कुछ हदतक कप्तान कोहली की कप्तानी को भी दोष देना होगा क्योंकि शीर्ष क्रम
को ढेर करने के बाद तेज़ गेंदबाज कुछ ढीले नज़र आये और रन लुटाते दिखे। इतना कुछ
होने के बावजूद विराट कोहली मुख्य गेंदबाज आर. अश्विन की तरफ काफी देर से मुखातिब
हुए। इस दौरान वे चाइनामैन बॉलर कुलदीप यादव पर अधिक भरोसा करते दिखे।
फिलहाल टीम इंडिया
की इस क़रारी हार ने भारतीय प्रशंसकों के चेहरे से मुस्कान छीन ली है। लार्ड्स में
चारों खाने चित्त होने के बाद चहुंओर नाराजगी है। पूर्व क्रिकेटर भी टीम इंडिया के
इसतरह अंग्रेजों के सामने नतमस्तक होने पर खरीखोटी सुना रहे हैं।




क्या होगा टीम इंडिया का
ReplyDeleteWow, very nice and true...
ReplyDeleteWow, very nice and true...
ReplyDeletevrry bad news😟...but still we hope for d best...
ReplyDeleteWell written ....but very bad performance by our team ☹️
ReplyDelete