एजबेस्टन और लार्ड्स
से इतर नॉटिंघम टेस्ट में टीम इंडिया ने अंग्रेजों का नट-बोल्ट आखिरकार कस ही
दिया। जी हां, पिछले दो टेस्ट मैच में मिली क़रारी हार के बाद विराट के रणबांकुरों ने
इस दफ़ा कम से कम गलतियां कर अंग्रेजों को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया और
203 रनों के भारी अंतर से मात दे दी। स्पेकसेवर्स सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच में न सिर्फ
गेंदबाजों ने बल्कि बल्लेबाजों ने भी अहम योगदान देते हुए मैच पर पकड़ बनाये रखी।
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने दोनों पारियों में जबरदस्त बल्लेबाजी की और
विकेट के लिए विरोधियों को तरसा दिया। नॉटिंघम टेस्ट में कोहली की उम्दा पारी के लिए "मैन ऑफ द मैच" के
पुरस्कार से नवाजा गया।
नॉटिंघम
में रंग में दिखे बल्लेबाज
एजबेस्टन और लार्ड्स की भांति
एकबार फिर नॉटिंघम में टॉस के बॉस बने इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने पहले
क्षेत्ररक्षण चुना लेकिन थोड़ी देर बाद ही उनकी सारी उम्मीदों पर पानी फिर गया, जब
टीम इंडिया के गब्बर और केएल राहुल ने सधी शुरुआत करते हुए 60 रनों की साझेदारी कर
दी। टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया की तरफ से ये अबतक की शानदार शुरुआत थी। इस मर्तबा
शिखर धवन रंग में दिखे। उन्होंने बेहतरीन कवर ड्राइव और कट शॉट लगाकर अपने इरादे
जाहिर कर दिये थे लेकिन 35 रनों के निजी स्कोर पर वे एकबार फिर पुरानी ग़लती को
दोहराते दिखे और तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स की गुडलेंथ गेंद को दूसरी स्लिप में खड़े
जॉस बटलर को कैच थमा बैठे। थोड़ी देर बाद ही केएल राहुल का भी ध्यान भंग हुआ और
क्रिस वोक्स की तेज इनस्विंगर पर चकमा खा गये और पगबाधा आउट क़रार दिये गये। लोकेश
राहुल ने 23 रनों का योगदान दिया।
अरसे बाद चला रहाणे का बल्ला
ओपनिंग साझेदारी के
टूटने के बाद टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ती दिखीं। चेतेश्वर पुजारा भी सस्ते में
आउट हो गये और 82 रन पर तीन विकेट गंवाकर कोहली की टोली एकबार फिर संघर्ष करती
दिखी लेकिन हरवक्त विदेशी पिच पर दमदार प्रदर्शन करने वाले टीम इंडिया के उप-कप्तान अजिंक्य
रहाणे ने अंगद की भांति पिच पर पैर जमाये और मौके पर बल्ले का जौहर दिखाया। रहाणे ने कप्तान कोहली के साथ 159 रनों की
साझेदारी निभा टीम इंडिया को संकट से उबारा।
रहाणे ने पहली पारी में
महत्वपूर्ण 81 रनों का योगदान दिया। कप्तान और उप-कप्तान के बीच पनपी ये अहम साझेदारी
इस मैच का टर्निंग प्वाइंट था। इसके बाद नये नवेले ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या ने
अच्छे शॉट्स लगा पारी को आगे बढ़ाया। पंत ने 24 रनों का योगदान दिया। विदित है कि टीम इंडिया
ने पहली पारी में कुल 329 रनों का योगदान दिया।
भारतीय
बल्लेबाजों में आयी अहम तब्दीली
टेस्ट सीरीज में
पहली मर्तबा टीम इंडिया की बल्लेबाजी अपनी ख्याति के अनुरुप दिखी। नॉटिंघम टेस्ट
में खिलाड़ियों की मानसिकता के साथ-साथ तकनीक में भी तब्दीली दिखी। बल्लेबाजों ने
आउट साइड द ऑफ स्टंप की गेंदों को नहीं छेड़ा। इस दौरान प्लेयर्स को कंडीशन का भी साथ मिला।
लार्ड्स टेस्ट की तरह नॉटिंघम में गेंद इतनी नहीं हिल रही थी लिहाजा रहाणे और
विराट कोहली ने इसका भरपूर फ़ायदा उठाया और शतकीय साझेदारी कर दी।
पहली पारी में टीम
इंडिया के 329 रनों के जवाब में इंग्लैंड की टीम कुल 161 रनों पर धाराशायी हो गयी
और कोहली एंड कंपनी को 168 रनों की लीड दे बैठी। टीम इंडिया ने दूसरी
पारी में भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 352 रन बना डाले और अंग्रेजों
को जीत के लिए 521 रनों का लक्ष्य दे दिया। पहली पारी की तरह दूसरी पारी में भी
विराट कोहली ने अपने बल्ले का दम दिखाया और टेस्ट में करियर का 23वां शतक ठोक
डाला। पहली पारी में कोहली नर्वस नाइनटीज के शिकार हुए थे और कुल 97 रनों का
योगदान दिया था।
बल्लेबाजों
के बाद गेंदबाजों ने दिखाया दम
टेस्ट सीरीज के
शुरुआती दो मैचों में दमदार प्रदर्शन करने वाले टीम इंडिया के गेंदबाजों ने एकबार
फिर काबिलेतारीफ़ प्रदर्शन किया और अंग्रेजों की लंबी साझेदारी को पनपने नहीं दिया।
पहली पारी में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने करियर का बेस्ट परफॉर्मेंस देते हुए 28
रन देते हुए 5 विकेट झटके। पांड्या ने अपने स्पेल के दौरान सटीक लाइन और लेंथ को
पकड़ कर रखा और एक ही स्पॉट से गेंद को अंदर-बाहर करते रहे। इसका उन्हें भरपूर फ़ायदा
मिला और अंग्रेजों के पांव उखाड़ डाले।
टीम इंडिया की तरफ से जीत के लिए मिले 521 रनों का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की दूसरी पारी में भी तेज गेंदबाजों ने उम्दा प्रदर्शन किया। महीने भर तक चोटिल होकर टीम इंडिया से बाहर रहे जसप्रीत बुमराह ने आते ही धमाकेदार प्रदर्शन किया और दूसरी पारी में 85 रन देकर 5 विकेट झटक कर अंग्रेजों को बड़े अंतर यानी 203 रनों से मात दे दी। हालांकि दूसरी पारी के दौरान जॉस बटलर ने शतक ठोंक कुछ देर के लिए टीम इंडिया को मुश्किल में डाल दिया था लेकिन हाथ में आयी दूसरी नयी गेंद से बुमराह ने अंग्रेजों को चारों खाने चित्त कर दिया और पांच विकेट झटक डाले।
कुल मिलाजुलाकर
टेस्ट सीरीज में पहली मर्तबा टीम इंडिया हर विभाग में इंग्लैंड पर भारी पड़ी,
जिसकी वजह से ये शानदार जीत नसीब हुई। इस बेहतरीन जीत में इंग्लैंड की ख़राब
फील्डिंग को नहीं भुलाया जा सकता।
नॉटिंघम
टेस्ट मैच की ख़ास बात:
· नॉटिंघम टेस्ट में डेब्यू करने वाले
विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने दूसरी गेंद पर ही छक्का जड़ करियर की शुरुआत की।
· पहली पारी में बतौर विकेटकीपर ऋषभ पंत ने कुल 5
कैच लपके और डेब्यू टेस्ट में एक रिकॉर्ड कायम किया।
· हार्दिक पांड्या ने 28 रन देकर 5 विकेट झटके और
करियर की बेहतरीन बॉलिंग की।
· नॉटिंघम टेस्ट में दूसरी स्लिप में खड़े केएल
राहुल ने कुल 7 कैच लपके और कीर्तिमान रचा। बुमराह ने भी पांच विकेट झटक बेहतरीन गेंदबाजी की।






टीम इंडिया की शानदार जीत
ReplyDeleteबढ़िया आलेख..��
ReplyDeleteShandar .....👏🏻👏🏻
ReplyDeletecngratulations to our indian team...😊👏grt job....
ReplyDeleteTeam India ne kiya bounceback....
ReplyDelete