Follow on Google+

करुण नायर को टेस्ट टीम से बाहर किये जाने पर भड़के वेंगसरकर, चयनकर्ताओं को लगायी लताड़




भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता और स्टाइलिश बल्लेबाज दिलीप वेंगसरकर ने करुण नायर प्रकरण को लेकर एमएसके प्रसाद के नेतृत्व वाली मौजूदा चयन समिति को जमकर लताड़ लगायी है। कर्नल ने तिहरा शतकधारी करुण नायर को इंग्लैंड में बिना मौका दिये वेस्टइंडीज के ख़िलाफ़ टेस्ट टीम से बाहर किये जाने को लेकर इंडियन सेलेक्टर्स से तीखे सवाल पूछे हैं। उन्होंने चयनकर्ताओं के इस क़दम का बेहद शर्मनाक बताया है।

कर्नल ने चयनकर्ताओं को लगायी लताड़

पूर्व क्रिकेटर दिलीप वेंगसरकर ने सख्त लहजे में कहा है कि क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में तिहरा शतक लगाना बहुत बड़ी बात होती है। मौजूदा टीम में तो अबतक किसी बल्लेबाज ने टेस्ट क्रिकेट में ट्रिपल सेंचुरी तक नहीं लगायी है लिहाजा तिहरा शतक लगाने वाले करुण नायर को मौका न देकर भारतीय चयनकर्ता बहुत बड़ी ग़लती कर रहे हैं। उन्होंने इंग्लैंड टूर के ओवल टेस्ट की बात करते हुए कहा कि आखिरी टेस्ट में टीम में मौजूद करुण नायर की जगह हनुमा विहारी को भारत से बुलाकर मौका दिया जाना ये संकेत देता है कि इस खिलाड़ी के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। 


सेलेक्टर्स की मंशा पर उठाये सवाल

कर्नल ने सेलेक्टर्स और टीम प्रबंधन पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा है कि जब करुण नायर इंग्लैंड दौरे पर टीम में मौजूद था तो फिर क्यों हनुमा विहारी को इंडिया से बुलाया गया और नायर पर तरजीह देते हुए आंध्रप्रदेश के बल्लेबाज को मौका दिया गया। ये एक बल्लेबाज के करियर से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं पर तंज कसते हुए ये भी कहा कि भारतीय क्रिकेट का कोई बुद्धिमान और चालाक शख्स ही ये समझा सकता है कि आखिर क्यों बग़ैर मौका दिये तिहरा शतकधारी को टीम से बाहर किया गया और उसके साथ ऐसा क्यों सलूक किया जा रहा है?


वेंगसरकर ने की सिराज के चयन की तारीफ़ 

हालांकि दिलीप वेंगसरकर ने मीडिया से बात करते हुए हैदराबाद के तेज़ गेंदबाज मो. सिराज की टेस्ट टीम में चयन की तारीफ़ की और कहा कि हाल ही में इस युवा पेसर ने ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ तीन मैचों में 25 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है। शानदार परफॉर्मेंस का इनाम युवा पेसर को मिला है। कर्नल के नाम से मशहूर दिलीप वेंगसरकर ने मो. सिराज के सेलेक्शन पर स्पष्ट रूप से कहा कि जब कोई खिलाड़ी अपने करियर की चोटी पर हो तो उसका चयन करना बहुत अहम होता है लिहाजा सिराज ने असाधारण प्रदर्शन किया है और उसे सही वक्त पर टीम में चुना गया है। 



SHARE
  • Image
  • Image
  • Image
  • Image
  • Image
    Blogger Comment
    Facebook Comment

6 comments:

loading...