Follow on Google+

भविष्य का तेंदुलकर है ये खिलाड़ी, इसके खून में है खेल, बाजुओं की ताकत देख दिग्गज भी हैं हैरान



17 साल 152 दिन की उम्र में विश्व के धुरंधर तेज़ गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने वाला असम के बल्लेबाज रियान पराग ने अब क्रिकेट प्रशंसकों के दिल में जगह बना ली है। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से आईपीएल 2019 में धूम मचाने वाले रियान पराग ने शनिवार को मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ ताबड़तोड़ पारी खेलकर ये जता दिया कि वे आने वाले दिनों में टीम इंडिया का एक नया सितारा होंगे, जो क्रिकेट की क्षितिज पर धूमकेतु की तरह चमकेगा। असम के गुवाहाटी से ताल्लुक रखने वाले रियान पराग के खून में ही खेल बसा हुआ है। वे धुरंधर खिलाड़ी की संतान हैं। 


पराग के खून में है खेल

10 नवंबर 2001 को असम के गुवाहाटी में जन्मे रियान पराग के पिता का नाम पराग दास है। वे भी क्रिकेटर रह चुके हैं। पराग दास असम और रेलवे रणजी टीम की तरफ से बतौर ऑलराउंडर अपने कौशल का प्रदर्शन कर चुके हैं। वहीं, रियान पराग की मां मिट्ठू बरुआ स्विमिंग चैंपियन थीं। उन्होंने 50 मीटर फ्री-स्टाइल में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और एशियन चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुकी हैं लिहाजा ऐसा कहा जा सकता है कि हरफनमौला माता-पिता की संतान भी क्रिकेट में ऑलराउंडर के तौर पर तहलका मचाने को मचल रहा है। गौरतलब है कि पिता पराग दास ही रियान के कोच हैं। उन्हीं के मार्गदर्शन में रियान ने क्रिकेट का ककहरा सीखा है।



पराग ने किया प्रभावित

17 नवंबर 2017 को असम की तरफ से हैदराबाद के ख़िलाफ़ पहला प्रथम श्रेणी मैच खेलने वाले रियान पराग की शुरुआत उम्मीद के अनुरूप काफी खराब थी। पहले ही फर्स्ट क्लास मैच में बतौर ओपनर रियान ने करियर की शुरुआत काफी खराब की थी। उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 9 और दूसरी पारी में 3 रन बनाकर आउट हुए थे। रियान पराग के फर्स्ट क्लास करियर पर नजर डालें तो वे अबतक 4 मैचों में 23.85 की मामूली औसत से 167 रन बनाये हैं। इनमें 80 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। वहीं, लिस्ट में 15 मैच खेलते हुए 27.53 की औसत से कुल 413 रन बनाये हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 82 रन रहा है। वहीं, 12 टी-20 मैच खेलते हुए 127.86 की स्ट्राइक रेट से कुल 234 रन बनाये हैं। इनमें नाबाद 63 रनों की पारी सर्वश्रेष्ठ है।   

बल्लेबाजी से इतर वे एक लेग ब्रेक बॉलर हैं। उन्होंने लिस्ट मैच में कुल 11 विकेट झटके हैं। फिलहाल टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को अपना आदर्श और महेन्द्र सिंह धौनी को हीरो मानने वाले रियान पराग का भविष्य काफी उज्ज्वल है। शनिवार को मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ लसिथ मलिंगा और जसप्रीत बुमराह सरीखे गेंदबाजों के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए रियान पराग ने ये दर्शा दिया कि वे लंबी रेस के घोड़े हैं। 


  
बाजुओं में है गजब का दम

बहरहाल, भारत के इस उभरते क्रिकेटर की बाजुओं में काफी दम है। उन्हें स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और वेट लिफ्टिंग काफी पसंद है। वे इंस्टाग्राम और सोशल मीडिया पर वेट लिफ्टिंग की कई पोस्ट डाल चुके हैं। 100 किलो वेट भी ये छोटा धमाका बड़े आराम से उठाता है। प्रैक्टिस के दौरान वे एक हाथ से भी वेट लिफ्टिंग करते दिख जाते हैं।   

फिलहाल रियान पराग की काबिलियत से ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ भी काफी प्रभावित हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि रियान पराग का भविष्य काफी उज्ज्वल है। 17 साल की उम्र में जैसा कांफिडेंस उनके पास है, वैसा ही कुछ मेरा भी था लिहाजा वे आगामी दिनों में क्रिकेट जगत में गेंदबाजों के लिए काल बनकर छाने वाले हैं।  
SHARE
  • Image
  • Image
  • Image
  • Image
  • Image
    Blogger Comment
    Facebook Comment

2 comments:

  1. जबरदस्त प्लेयर है रियान पराग

    ReplyDelete
  2. Next tendulkar what a joke bro

    ReplyDelete

loading...